एमपी के इस जिले में बाढ़ के हालात, सीएम ने कलेक्टर को दिए ये निर्देश, इन ट्रेनों को निरस्त किया गया
भोपाल: श्योपुर जिले में लगातार बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं. पार्वती और कूनो नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी किनारे बसे गांवों का संपर्क टूट गया है. हालातों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार की देर रात श्योपुर कलेक्टर से फोन पर बात की. सीएम ने निर्देश दिए कि प्रशासन लगातार अलर्ट पर रहे और हालात पर नजर रखे. वहीं शिवपुरी जिले में बाढ़ के चलते कई ट्रेनों को या तो निरस्त करना पड़ा है या फिर उनका मार्ग बदला गया है.
बता दें कि बीते 24 घंटे से शिवपुरी और श्योपुर जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है. जिसके चलते इन दोनों जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं.
लोगों के घरों में पानी भर गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सेना के हेलीकॉप्टर्स की मदद ली गई है. शिवपुरी जिले के बैराड़ तहसील के गांव कुपवाड़ा, हर्रई, अकुरनी, बरखेड़ी, चिलपई और रायपुर में पार्वती नदी के उफान पर होने के चलते बाढ़ आ गई है. सीएम ने अधिकारियों से बात कर राहत और बचाव कार्यों के लिए हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है.
कई ट्रेनें हुईं निरस्त
शिवपुरी जिले में भी बाढ़ के हालात बन गए हैं. जिसे देखते हुए गुना-ग्वालियर रेल खंड पर शिवपुरी -मोहाना के बीच के ट्रैक पर जलभराव के कारण रेल सेवा प्रभावित हुई है. कई गाड़ियों को आंशिक तौर पर निरस्त कर दिया गया है और कुछ गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित किया गया है. गाड़ी संख्या 01126 ग्वालियर-रतलाम एक्सप्रेस स्पेशल को मोहना स्टेशन पर आंशिक निरस्त कर वापस ग्वालियर लाया जा रहा है.
वहीं भोपाल से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 04197 भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस स्पेशल को शिवपुरी स्टेशन पर आंशिक रद्द कर आज यानी 3 अगस्त को शिवपुरी स्टेशन से गाड़ी संख्या 04198 बनाकर भोपाल के लिए चलाया जाएगा.
दौंड से चलकर ग्वालियर को जाने वाली गाड़ी संख्या 04189 दौंड-ग्वालियर एक्सप्रेस स्पेशल को शिवपुरी स्टेशन पर रोककर उसमें गाड़ी संख्या 04197 भोपाल ग्वालियर एक्सप्रेस स्पेशल के यात्रियों को बिठाकर वापस गुना-बीना के रास्ते ग्वालियर के लिए चलाया जा रहा है.
रतलाम से चलकर ग्वालियर को जाने वाली गाड़ी संख्या 01125 रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस स्पेशल को मार्ग बदलकर वाया गुना-बीना होकर ग्वालियर के लिए चलाया जा रहा है.
Hindustan

0 Comments